भारत में लाइव यूट्यूब चैनल पर लगातार 24 घंटे 37 मिनट के टॉक शो का विश्व कीर्तिमान वर्ष 2025 में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ। यह कार्यक्रम 16 जनवरी 2025 को दोपहर 2 बजे शुरू हुआ और 17 जनवरी को दोपहर 2:37 बजे तक चला। इसकी प्रस्तुति और पूरी अवधि में एंकरिंग सुनील सुशीला शर्मा ने की। कहते हैं कि उन्हें मां से संस्कार, मनुष्यता और लक्ष्य के प्रति समर्पण मिला। इसलिए उन्होंने अपने नाम को मां सुशीला के नाम से जोड़कर अपने जीवन में उनकी स्मृति को सम्मान दिया। सुनील का एक और उल्लेखनीय कीर्तिमान मई 2015 से क्षेत्रीय और राष्ट्रीय टेलीविजन मंचों पर 500 से अधिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, आलेख लेखन और एंकरिंग का है। कार्यक्रम निर्माण की उत्कृष्टता के साथ-साथ उनके दिल की धड़कनों से निकले शब्दों ने इन कार्यक्रमों को यादगार बनाया। उनसे मेरा परिचय उस दौर में हुआ, जब मिशन फार्मर साइंटिस्ट परिवार और मिशन पर्यावरण योद्धा परिवार अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके थे। किसान वैज्ञानिकों के साथ उनका सुर मिला और देखते ही देखते वे इन दोनों परिवारों के अभिन्न हिस्से बन गए।
इसी दौर में मुंबई की संस्था ‘ख़याल’ ने वर्ष 2025 में उन्हें ‘जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अंतर्गत उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वर्ष 2026 में गुजरात के कृषि मंत्री ने अहमदाबाद में उन्हें ‘सॉम्स एग्री जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर’ पुरस्कार प्रदान किया। हालांकि पुरस्कारों की लंबी शृंखला उनकी पहचान नहीं है। उनकी असली पहचान उनका मनुष्यता के प्रति समर्पण और अन्नदाता किसानों को समर्थ बनाने की अथाह कोशिश है। सुनील से यह चर्चा गाहे-बगाहे होती रहती है। वे कहते हैं—
“मां आयुर्वेद के कर्मक्षेत्र में थीं और अक्सर चिंता करती थीं कि यदि जंगलों और पहाड़ों को संभालकर नहीं रखा गया तो जड़ी-बूटियां समाप्त हो जाएंगी, क्योंकि दुर्लभ जड़ी-बूटियां जंगलों और पहाड़ों पर ही पाई जाती हैं। यही बात बचपन से मेरे मन में थी। मुझे लगा कि रसायनयुक्त खेती से मिट्टी को बचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए पहले लोगों के दिमाग और अवचेतन मन को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के अनुकूल बनाना होगा। जंगल, मिट्टी, जल और पहाड़ बचाने होंगे।”
इसी सोच के साथ उन्होंने एक कठिन निर्णय लिया—कॉरपोरेट क्षेत्र की निश्चित और अच्छी मासिक आय छोड़कर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आने का। न आय निश्चित थी, न इस क्षेत्र का पर्याप्त अनुभव और न ही नौकरी की सुरक्षा। लेकिन जीवनसाथी मधु शर्मा और बच्चों ने उनका साथ दिया। परिवार ने खर्चे कम किए, लेकिन मुस्कुराहटें कम नहीं होने दीं। पूरे परिवार के सहयोग से ए1 टीवी से शुरू हुआ उनका कार्यक्रम सफर फर्स्ट इंडिया और समाचार प्लस होते हुए न्यूज़ इंडिया और आज की खबर जैसे राष्ट्रीय चैनलों तक पहुंचा।
शुरुआती दिन
जयपुर में 1 जनवरी 1972 को जन्मे सुनील ने पिता का नाम तो सुना, लेकिन मां के रूप में ही जीवन का वास्तविक संबल महसूस किया। मां ने उनकी जीवन की खाली स्लेट पर रंग भरे, हौसला दिया और हर परिस्थिति में मुस्कुराते रहना सिखाया।
उनकी मां जोबनेर में आयुर्वेद विभाग में नर्स थीं। जोबनेर के कृषि महाविद्यालय में होने वाले कृषि कार्यक्रमों को देखकर सुनील के अंतर्मन में कृषि के प्रति प्रेम जागा। बाद में बी.एससी. की पढ़ाई के लिए वे जयपुर आए। विवाह के बाद उन्होंने सिटीबैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और फोर्स मोटर्स जैसी संस्थाओं में स्टेट हेड जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों पर काम किया। लेकिन उनका मन गांवों और खेतों में ही बसा रहा।
नौकरी करते हुए भी वे किसान गोष्ठियों का आयोजन करते और रासायनिक खेती के दुष्परिणामों पर चर्चा करते रहे। धीरे-धीरे उनकी रात्रि चौपाल ए1 टीवी के कार्यक्रम ‘राम-राम सा’ में बदल गई। दिसंबर 2016 में मां के देहावसान के बाद उन्होंने स्वयं को पूरी तरह धरती माता को रसायनों से मुक्त करने के मिशन के लिए समर्पित कर दिया और पूर्णकालिक रूप से मीडिया से जुड़ गए। ब्रेकिंग न्यूज़ की दौड़ और टीआरपी की होड़ के बीच टेलीविजन चैनलों पर प्राइम टाइम में किसान-केंद्रित कार्यक्रम चलाना आसान नहीं था। लेकिन क्षेत्रीय हो या राष्ट्रीय चैनल, हर जगह कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने एक बात स्पष्ट रखी—शनिवार शाम 6 बजे उनका कृषि कार्यक्रम प्रसारित होगा। कभी यह कार्यक्रम ‘राम-राम सा’, कभी ‘जय जय किसान’ और कभी ‘मिट्टी के महानायक’ के नाम से प्रसारित हुआ।जहां भी गए, रसायनमुक्त खेती करने वाले किसानों की गौरवगाथाएं अपने साथ लेकर गए।
फार्मफेयर टीवी : एक नई शुरुआत
अब सुनील एक और कीर्तिमान रचने की तैयारी में हैं। देश का पहला एग्रीटेनमेंट ओटीटी मंच ‘फार्मफेयर टीवी’ अब साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है। देश में खेल, मनोरंजन और समाचार आधारित अनेक ओटीटी मंच मौजूद हैं, लेकिन जंगल, मिट्टी, जल, पहाड़ और किसान की बात को केंद्र में रखने वाला समर्पित ओटीटी मंच अभी एक बड़ी आवश्यकता है।
सुनील का ‘फार्मफेयर टीवी’ इसी शून्यता को भरने का प्रयास है। यह मंच कृषि, पर्यावरण, किसान और ग्रामीण जीवन को मनोरंजन एवं ज्ञान के साथ जोड़कर एक नई दिशा देने की कोशिश करेगा। यदि संकल्प मजबूत हो, उद्देश्य स्पष्ट हो और परिवार का साथ मिले, तो कठिन रास्ते भी मंजिल तक पहुंचने का माध्यम बन जाते हैं। सुनील सुशीला शर्मा की यात्रा इसी संकल्प, संघर्ष और समर्पण की कहानी है।
संपर्क
सुनील सुशीला शर्मा
एम-26, सुशांत सिटी फर्स्ट,
कालवाड़ रोड, झोटवाड़ा, जयपुर – 302012
मोबाइल : 9929092092
ई-मेल : sunil.shivank101@gmail.com
वेबसाइट : www.farmfaretv.com